उत्तर प्रदेश की दुकानों से शराब खरीदकर बिहार में दोगुने दाम पर बेचने वाले तीन तस्कर गिरफ्तार

Ads

उत्तर प्रदेश की दुकानों से शराब खरीदकर बिहार में दोगुने दाम पर बेचने वाले तीन तस्कर गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 12, 2026 / 08:54 PM IST,
    Updated On - July 12, 2026 / 08:54 PM IST

भदोही, 12 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश की दुकानों से अंग्रेजी शराब खरीदकर बिहार में दोगुनी कीमत पर बेचने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की कार से 675 बोतल अंग्रेजी शराब भी बरामद की।

भदोही के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव त्यागी ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों की पहचान जौनपुर निवासी विजय शंकर प्रजापति (20) और ज्ञानपुर (भदोही) के रहने वाली कृष्ण कुमार चौहान (34) तथा रमाशंकर चौहान (25) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस कांवड़ियों के लिए प्रयागराज-वाराणसी राजमार्ग पर सुरक्षित की गई एक लेन और रास्ते में लगने वाले शिविर व स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर रही थी, तभी औराई थाना क्षेत्र के एक ओवरब्रिज पर हाईवे से गुजर रही एक कार के आगे एक बाइक सवार अचानक रुककर उसे वापस जाने का इशारा करने लगा।

त्यागी के मुताबिक, पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली, जिसमें कार से 675 बोतल में कुल 221 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में कार और बाइक सवारों ने खुलासा किया कि पहले उनका गिरोह पंजाब और हरियाणा से शराब की तस्करी कर बिहार में बेचता था और अच्छा-खासा मुनाफा कमाता था।

त्यागी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि हाईवे पर कई बार पकड़े जाने के बाद तस्कर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से शराब खरीदकर बिहार के जिलों में ऊंचे दामों पर बेचने लगे।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने यह शराब भदोही के गोपीगंज क्षेत्र की एक दुकान से खरीदी थी और इसे ऊंची कीमतों पर बेचने के लिए बिहार ले जा रहे थे।

भाषा

सं आनन्द पारुल

पारुल