सपा सांसद ने राजभर पर मंदिर मुद्दे से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया

सपा सांसद ने राजभर पर मंदिर मुद्दे से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया

सपा सांसद ने राजभर पर मंदिर मुद्दे से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया
Modified Date: June 18, 2026 / 09:13 pm IST
Published Date: June 18, 2026 9:13 pm IST

बलिया, 18 जून (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद राजीव राय ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान और चढ़ावे की कथित चोरी से जुड़े मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए विवादित बयान दे रहे हैं।

घोसी से सांसद राय ने यहां जिला मुख्यालय के निरीक्षण भवन में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “ओम प्रकाश राजभर बीमार आदमी हैं। कुछ दिन पहले दिल्ली गए थे। उन्हें डांटकर भगा दिया गया था। उनके बेटे को टिकट दिया गया, लेकिन घोसी विधानसभा के इतिहास में 1952 के बाद सबसे बड़ी हार हुई।”

राय ने कहा, “राजभर अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता साबित करने के लिए कुछ न कुछ बोलकर सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं। उन्होंने राम मंदिर के दान पात्र से चोरी करने वालों से इस मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाने की ‘सुपारी’ ली है।”

उधर, सपा के राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह ने राजभर के नार्को टेस्ट की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि सुभासपा प्रमुख नशे में बयानबाजी कर रहे हैं।

सिंह ने जिला मुख्यालय स्थित अपने आवास पर कहा, “ओम प्रकाश राजभर के परिवार में आज तक कोई सांसद नहीं हुआ है और न ही उनकी पार्टी से कोई संसद सदस्य बना है। सपा एक ‘बुलेटप्रूफ’ पार्टी है। इसके विधायक और सांसद टूटने वाले नहीं हैं, न ही ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) से डरने वाले हैं।”

भाषा

सं राजेंद्र पारुल

पारुल


लेखक के बारे में