हरदोई (उप्र), 19 फरवरी (भाषा) हरदोई में बृहस्पतिवार को वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर फेंके गए, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत भी यात्रा कर रहे थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार घटना अपराह्न तीन बजकर 20 मिनट पर देहात थाना क्षेत्र के कौड़ा गांव के पास की है जब दिल्ली की ओर जा रही वंदेभारत ट्रेन पर पत्थर फेंके गए जिससे ट्रेन की एक खिड़की का शीशा टूट गया।
रेलवे के सूत्रों के अनुसार, भागवत भी ट्रेन में सवार थे। हालांकि वह किस कोच में यात्रा कर रहे थे इसका विवरण तत्काल उपलब्ध नहीं हो सका।
रेलवे अधिकारियों ने नियंत्रण कक्ष को सूचना दी और घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) अंकित मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आठ से 13 वर्ष की उम्र के कुछ बच्चे पटरी के पास क्रिकेट खेल रहे थे और संभवत: उन्होंने ही चलती ट्रेन पर पत्थर फेंके।
उन्होंने कहा कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा सं जफर खारी
खारी