लखनऊ, 19 फरवरी (भाषा) गोरखपुर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड 60 करोड़ रूपयें का सहयोग प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश सरकार और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये गये।
एक बयान के मुताबिक, इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह स्टेडियम केवल एक खेल संरचना नहीं, बल्कि पूर्वी उत्तर प्रदेश की उभरती प्रतिभा को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम से क्षेत्र में खेल पर्यटन, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को भी नयी गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने इंडियन ऑयल के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक-निजी सहभागिता का यह मॉडल राज्य के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वाराणसी में भी एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम निर्माणाधीन है, जिसे जून 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण हेतु बजट में आवश्यक प्रावधान किए गए हैं।
इंडियन ऑयल के चेयरमैन अरविंदर साहनी ने कहा कि इंडियन ऑयल समूह उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास में हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है।
भाषा जफर शफीक
शफीक