उत्तर प्रदेश में आईएसआईएस से जुड़े होने के आरोप में छात्र गिरफ्तार

Ads

उत्तर प्रदेश में आईएसआईएस से जुड़े होने के आरोप में छात्र गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 16, 2026 / 08:27 PM IST,
    Updated On - March 16, 2026 / 08:27 PM IST

लखनऊ, 16 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) से जुड़े होने के आरोप में 19 साल के एक छात्र को गिरफ्तार किया है।

एटीएस के एक बयान के अनुसार रविवार को मुरादाबाद से गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सहारनपुर जिले के मानक मऊ इलाके के रहने वाले हारिस अली के रूप में हुई है।

बयान में कहा गया है कि यह गिरफ्तारी भारत में सक्रिय आईएसआईएस से जुड़े ऑनलाइन नेटवर्क की गतिविधियों की जांच के दौरान की गई।

अधिकारियों ने बताया कि हारिस अली बीडीएस द्वितीय वर्ष का छात्र है और उस पर आरोप है कि वह सोशल मीडिया मंच और इंस्टाग्राम, सेशन और डिस्कॉर्ड जैसे एन्क्रिप्टेड एप्लिकेशन के जरिए आईएसआईएस के कार्यकर्ताओं और हमदर्दों से जुड़ा था।

अधिकारियों ने बताया कि एटीएस को खुफिया जानकारी मिली थी कि उत्तर प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों में कुछ लोग ऑनलाइन ग्रुप बना रहे थे।

उन्होंने दावा किया कि इन ग्रुप का मकसद आईएसआईएस की आतंकवादी विचारधारा और भारत समेत पूरी दुनिया में शरिया-आधारित खिलाफत व्यवस्था स्थापित करने के उसके लक्ष्य का प्रचार करना, और भारत में इस आतंकी संगठन को मजबूत करने के लिए लोगों की भर्ती करना था।

अधिकारियों ने बताया कि इन ग्रुप का इस्तेमाल कथित तौर पर प्रचार सामग्री, चरमपंथी साहित्य और आईएसआईएस की गतिविधियों से जुड़े निर्देश साझा करने के लिए किया जाता था।

बयान के अनुसार लखनऊ में एटीएस थाने में गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया।

बयान के मुताबिक जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने कथित तौर पर छद्म नामों और वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) का इस्तेमाल करके कई ग्रुप बनाए थे जिनका मकसद समान विचारधारा वाले लोगों की भर्ती करना और आईएसआईएस का प्रचार-प्रसार करना था।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ‘अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन’ नाम से एक अलग ग्रुप भी संचालित करता था और भारत तथा विदेश में आईएसआईएस नेटवर्क से जुड़े लोगों के साथ संपर्क बनाए रखता था।

उन्होंने बताया कि आरोपी को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए अदालत में पेश किया गया है।

भाषा सलीम जोहेब

जोहेब