बहराइच, 17 मार्च (भाषा) केंद्र सरकार के यूजीसी विधेयक का लगातार विरोध करने वाले एक युवक पर सोमवार को उसके कालेज में अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि इस सिलसिले में 11 लोगों के खिलीाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने बताया कि यह हमला उस वक्त हुआ जब वह किसान कालेज से अपना अंकपत्र लेने जा रहा था।
उन्होंने बताया कि पीड़ित युवक की पहचान बहराइच जनपद के इंदनापुर गांव निवासी विमल शर्मा के तौर पर हुयी है।
विमल ने संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि वह लगातार यूजीसी विधेयक का सक्रिय होकर विरोध कर रहा था।
उसने बताया, ‘‘रविवार को विधेयक के विरोध में मैने बहराइच से अयोध्या तक की पदयात्रा शुरू की थी, लेकिन पुलिस मुझे बहराइच सीमा से वापस ले आई थी।
छात्र ने बताया, ‘‘सोमवार को मैं किसान डिग्री कालेज से अपना अंकपत्र लेने जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने मुझपर जानलेवा हमला कर मुझे घायल कर दिया।’’
देहात कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह ने मंगलवार को बताया कि ‘अंकपत्र लेने कालेज गये विमल शर्मा ने सोमवार को छः नामजद व सात अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराधिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मामले की तफ्तीश की जा रही है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित युवक का इलाज कराया गया है, उसकी हालत स्थिर है।’
पुलिस निरीक्षक ने बताया, ‘‘पदयात्रा व मारपीट दो अलग अलग मामले हैं, पदयात्रा दो तीन दिन पूर्व निकालने की सूचना मिली थी, जबकि मारपीट की घटना सोमवार को कालेज में अंकपत्र लेने जाते समय हुई है।’’
उन्होंने बताया कि शुरूआती जांच में पदयात्रा तथा यूजीसी विधेयक विरोध का इस मारपीट से कोई ताल्लुक नहीं नजर आ रहा है, फिर भी मामले की जांच के दौरान किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
भाषा सं जफर शोभना रंजन
रंजन