गाजीपुर में 50 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में उपनिरीक्षक निलंबित
गाजीपुर में 50 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में उपनिरीक्षक निलंबित
गाजीपुर (उप्र) 21 अक्टूबर (भाषा) गाजीपुर जिले की गोरा बाजार पुलिस चौकी के प्रभारी एक उपनिरीक्षक को 50 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।पुलिस अधीक्षक (एसपी) नेशनिवार को यह जानकारी दी।
गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि नगर के गोराबाजार पुलिस चौकी प्रभारी सचिन सिंह को 50 हजार रुपये रिश्वत लेने का मामला सामने आने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
एसपी ने बताया कि दरोगा को निलंबित करने के बाद विभागीय जांच की जा रही है। चौकी प्रभारी पर आरोप है कि उन्होंने किसी काम से शहर आये करंडा थाना क्षेत्र के ब्राह्मण पुरा के राजूराम को पकड़ कर हवालात में डाल दिया। राजूराम के गांव के अनिल गुप्ता ने 50 हजार रुपया दरोगा को देकर उनको छुड़ाया।
पुलिस के अनुसार बाद में एक जनप्रतिनिधि ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की।
एसपी ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टतया दोषी पाये जाने पर सचिन सिंह को निलंबित कर दिया गया।
भाषा सं आनन्द राजकुमार

Facebook


