गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए सावधानी बरतें: ब्रजेश पाठक

Ads

गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए सावधानी बरतें: ब्रजेश पाठक

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 02:04 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 02:04 PM IST

लखनऊ, 24 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रचंड गर्मी और लू के बीच रविवार को राज्य के नागरिकों को खुद को और प्रियजनों को गर्मी से होने वाली बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी।

उत्तर प्रदेश सरकार में चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्‍याण विभाग संभाल रहे उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्‍स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ”सावधानी अपनाएं, सुरक्षित रहें, स्वस्थ रहें।”

इसी पोस्ट में पाठक ने सुझाव देते हुए कहा, ”अत्यधिक गर्मी के मौसम में लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में खुद को और अपने प्रियजनों को गर्मी से होने वाली बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए जरूरी सावधानियां अवश्य अपनाएं।”

उन्‍होंने कहा कि ”गर्मी में लू से घबराएं नहीं, बल्कि सजग बनें, सतर्क रहें, स्वस्थ रहें।”

पाठक ने इस पोस्‍ट में ”भीषण गर्मी एवं लू से बचाव” का एक पोस्टर भी साझा किया, जिसमें पर्याप्त मात्रा में जल, ओआरएस एवं नींबू पानी का सेवन करने, हल्‍के रंग के सूती वस्त्र पहनने तथा धूप में सिर व शरीर को ढकने, जितना संभव हो ठंडे, हवादार एवं छायादार स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

इसी पोस्टर में सुपाच्य, हल्का एवं पौष्टिक भोजन ग्रहण करने की सलाह के साथ ही शिशुओं, बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों एवं पालतू पशुओं का विशेष ध्‍यान रखने पर जोर दिया गया है।

इसमें तेज धूप और भीषण गर्मी में अधिक समय तक बाहर नहीं रहने की सलाह भी दी गई है। इसमें धूप में खड़े किये गये बंद वाहनों के भीतर नहीं बैठने और दोपहर के समय अत्यधिक शारीरिक श्रम अथवा भारी व्यायाम से बचने को भी कहा गया है।

भाषा आनन्‍द अमित

अमित