गाजियाबाद की ऊंची इमारत से गिरकर किशोरी की मौत; परिजनों का विरोध

Ads

गाजियाबाद की ऊंची इमारत से गिरकर किशोरी की मौत; परिजनों का विरोध

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 09:10 PM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 09:10 PM IST

गाजियाबाद, आठ अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक ऊंची आवासीय सोसायटी से गिरने से 18 वर्षीय एक लड़की की मौत हो गई, जिसके बाद उसके परिवार एवं स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बाद में पुलिस ने बुधवार को परिवार को मृतका का अंतिम संस्कार करने के लिए मनाया।

उन्होंने बताया कि लड़की 12वीं कक्षा पास थी और अपने पिता के साथ मंगलवार को इंदिरापुरम इलाके में स्थित एक सोसाइटी में गई थी, जहां उसके पिता कार धोने और कपड़े इस्त्री करने का काम करते हैं।

पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में लड़की सोसाइटी के अंदर अकेले जाती हुई दिख रही है और कुछ ही मिनटों में वह एक टावर की 16वीं मंजिल से गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को हुई घटना के बाद, लड़की के परिवार ने सोसाइटी के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और शुरुआत में पुलिस को शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोका। उन्होंने बताया कि परिजनों को समझाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया, जबकि परिवार का आरोप है कि उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया था।

बुधवार को, तनाव बढ़ गया क्योंकि परिवार ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और निवासियों ने इंदिरापुरम में सीआईएसएफ मार्ग को अवरुद्ध कर दिया, और मांग की कि पुलिस घटना के समय से सीसीटीवी फुटेज जारी करे।

सहायक पुलिस आयुक्त (इंदिरापुरम) अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस ने परिवार से बातचीत की, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।

उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न से इनकार किया गया है, जबकि सोसाइटी के प्रमुख स्थानों से कई सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है और आगे का विश्लेषण जारी है।

पुलिस ने कहा कि लड़की की मौत के घटनाक्रम का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।

भाषा सं जफर रंजन

रंजन