लखनऊ, तीन मार्च (भाषा) लखनऊ के कृष्णा नगर इलाके में एक घर में जन्मदिन पार्टी के दौरान कथित तौर पर दुर्घटनावश गोली चलने से 13 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे एलडीए कॉलोनी स्थित एक मकान में हुई।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर निवासी उनैस खान (13) अपने तीन अन्य साथियों संग एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गया था।
उन्होंने बताया कि जश्न के दौरान एक लड़के ने कथित तौर पर घर में खड़ी कार से अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और उसे दिखा रहा था तभी कथित रूप से दुर्घटनावश गोली चल गई जो उनैस की बाईं आंख के ऊपर जा लगी और वह खून से लथपथ होकर फर्श पर गिर पड़ा।
अधिकारी ने बताया कि उसे लोकबंधु अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस उपायुक्त (लखनऊ दक्षिण) निपुण अग्रवाल ने कहा कि पार्टी में मौजूद तीन नाबालिग लड़कों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया, “उनैस के परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।’’
पुलिस ने बताया कि जन्मदिन मनाने वाले लड़के के पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त कर ली गई है और उससे संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।
उसने बताया कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही और फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लोकबंधु अस्पताल भेज दिया गया। इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि स्टेला मैरिस स्कूल का सातवीं कक्षा का छात्र उनैस अपने स्कूल की फुटबॉल टीम का कप्तान था।
उनैस के परिवार में पिता पिता जमीर खान, माता समा सहरोज और एक बड़ा भाई हैं।
‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत में जमीर खान ने कहा कि उनका बेटा रोजा रख रहा था और शुरू में पार्टी में शामिल नहीं होना चाहता था, लेकिन दोस्तों के जोर देने पर वह गया।
नम आंखों से उन्होंने कहा, “बाद में हमें फोन आया कि पार्टी में गोली चल गई है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि गोली दुर्घटनावश नहीं चली और दावा किया कि उनके बेटे को एक वयस्क ने माथे के बीच में गोली मारी।
उनैस के चाचा समीर खान ने कहा कि परिवार ने पहले उसे पार्टी में भेजने से मना कर दिया था क्योंकि वह रोजा रखे हुए था, लेकिन दोस्तों ने आश्वासन दिया था कि वह वहां रोजा खोल सकता है।
उन्होंने कहा, “अब यह घटना हो गई। यह बेहद दुखद है, इससे ज्यादा हम क्या कह सकते हैं।”
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा सं जफर खारी
खारी