दोस्तों की बहनों से बात करने की चाहत में किशोर की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

दोस्तों की बहनों से बात करने की चाहत में किशोर की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

दोस्तों की बहनों से बात करने की चाहत में किशोर की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: April 3, 2026 / 07:10 pm IST
Published Date: April 3, 2026 7:10 pm IST

बुलंदशहर (उप्र), तीन अप्रैल (भाषा) बुलंदशहर में तीन युवकों द्वारा अपने 17 वर्षीय उस दोस्त की कथित तौर पर हत्या किये जाने का मामला सामने आया है जो उनकी बहनों से बात करना चाहता था। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि अपने दोस्त की इस हरकत से नाराज होकर युवकों ने उसकी हत्या की।

पुलिस ने एक किशोर की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से किशोर का मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल ईंट और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।

यह मामला थाना अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव छोटाबांस का है। अनमोल नामक किशोर (17) 29 मार्च, 2026 की शाम एक फोन कॉल आने के बाद घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

परिजनों ने एक अप्रैल, 2026 को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस के मुताबिक, एक अप्रैल को गांव छोटाबांस अकरबांस कनैनी निवासी रानी देवी ने थाना अहमदगढ़ में तहरीर दी कि 29 मार्च को शाम के वक्त उनके बेटे अनमोल के मोबाइल फोन पर किसी की कॉल आई तथा वह घर से चला गया, लेकिन फिर वापस नहीं आया।

पुलिस द्वारा प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया तथा अनमोल की लगातार तलाश की जा रही थी।

लेकिन दो अप्रैल को थाना अहमदगढ़ को सूचना मिली कि छोटाबांस अकरबांस कनैनी गांव के बाहर कुएं में एक व्यक्ति का शव पड़ा है जिसकी शिनाख्त अनमोल के रूप में हुई।

शुक्रवार को थाना अहमदगढ़ पुलिस ने घटना में संलिप्त तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्त रजत, अंकुर उर्फ सनी और मोनू हैं जो मृतक के गांव के ही रहने वाले हैं।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तेजवीर सिंह ने बताया गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि मृतक अनमोल व अभियुक्त आपस में दोस्त थे।

अनमोल ने आरोपी अंकुर उर्फ सन्नी से रजत की बहन से बात कराने के लिए कहा था, लेकिन सन्नी ने मना कर दिया था। इसके अतिरिक्त अनमोल सन्नी की मौसी की बेटी से भी बात करना चाहता था।

अनमोल की इस चाहत से उसके दोस्त बहुत नाराज थे। पुलिस ने बताया कि 29 मार्च को आरोपियों ने अनमोल को फोन करके गांव के बाहर बुलाया और वहां उसे शराब पिलाई। पुलिस ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने उसके सिर पर ईंट से वार कर दिया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी।

शव को छिपाने की मंशा से उसे कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल ईंट और घटना के वक्त अभियुक्तों द्वारा पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।

भाषा सं जफर संतोष

संतोष


लेखक के बारे में