लखनऊ में सीट न मिलने पर ट्रेन में बम की अफवाह फैलाई, हिरासत में तेलंगाना का युवक

Ads

लखनऊ में सीट न मिलने पर ट्रेन में बम की अफवाह फैलाई, हिरासत में तेलंगाना का युवक

  •  
  • Publish Date - June 16, 2026 / 04:23 PM IST,
    Updated On - June 16, 2026 / 04:23 PM IST

लखनऊ, 16 जून (भाषा) लखनऊ में ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सीट न मिलने पर बम की झूठी खबर फैलाने के आरोप में एक यात्री को हिरासत में लिया गया है।

इस अफवाह से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कई सुरक्षा एजेंसियों को जांच के लिए मौके पर पहुंचना पड़ा।

लखनऊ पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान तेलंगाना के निवासी सैनी जैकी (26) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार उसने ट्रेन में बैठने की जगह न मिलने के कारण बम की झूठी सूचना दी थी।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और ट्रेन की गहन तलाशी ली।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। बम की सूचना पूरी तरह फर्जी निकली।’

तलाशी के बाद ट्रेन को सुरक्षित घोषित करके आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया। आरोपी को जीआरपी ने हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में भी बम रखे होने की झूठी अफवाह उड़ी थी। इससे उड़ान में करीब छह घंटे देरी हुई थी और यात्रियों में दहशत फैल गई थी।

भाषा किशोर आनन्द

जोहेब

जोहेब