लखनऊ में असली पुलिसकर्मियों को डांटने का आरोपी नकली आईपीएस अधिकारी गिरफ्तार

Ads

लखनऊ में असली पुलिसकर्मियों को डांटने का आरोपी नकली आईपीएस अधिकारी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 16, 2026 / 04:15 PM IST,
    Updated On - June 16, 2026 / 04:15 PM IST

लखनऊ, 16 जून (भाषा) लखनऊ महानगर पुलिस ने पुलिसकर्मियों को डांटने के आरोपी एक नकली भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान लखनऊ के निवासी मिथिलेश शुक्ला (38) के रूप में हुई है और आरोप है कि उसने खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर चाय की दुकान पर हुए विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों को धमकाया और सलामी न देने पर डांट लगाई।

पुलिस के मुताबिक, 13 जून की रात गोल मार्केट क्रॉसिंग के पास चाय की दुकान पर चाय-नाश्ते के भुगतान को लेकर झगड़ा होने की सूचना मिली थी और मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि शुक्ला दुकानदार से बहस कर रहा था।

पूछताछ करने पर उसने खुद को ‘नोएडा का आईपीएस अफसर’ बताया और पुलिसकर्मियों से पूछा कि ‘आपकी टोपी कहां है? मुझे सैल्यूट क्यों नहीं किया?’ पहचान पत्र मांगने पर वह यह कहकर चला गया कि बाद में ले आएगा।

बाद में घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

सोमवार को सूचना मिली कि उसी व्यक्ति ने चाय की दुकान पर फिर से हंगमा किया है, जिसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए थाने ले आई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह आईपीएस अधिकारी नहीं, बल्कि नोएडा के सेक्टर-18 की एक कंपनी में ‘अकाउंट एग्जीक्यूटिव’ है। वह लखनऊ का ही रहने वाला है।

पुलिस ने बताया कि महानगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा किशोर आनन्द जोहेब

जोहेब