उप्र में नित नयी ऊंचाइयां छू रहा तापमान, बांदा में टूटा रिकॉर्ड, रहा देश का सबसे गर्म स्थान

Ads

उप्र में नित नयी ऊंचाइयां छू रहा तापमान, बांदा में टूटा रिकॉर्ड, रहा देश का सबसे गर्म स्थान

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 09:38 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 09:38 PM IST

लखनऊ, 27 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के कारण अनेक इलाकों में तापमान नित नयी ऊंचाइयों को छू रहा है। झुलसाने वाली धूप और लू से लोग बेहाल हैं और पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का बांदा जिला प्रदेश ही नहीं बल्कि देश का भी सबसे गर्म स्थान रहा।

मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि बांदा देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक है।

विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बांदा में दर्ज 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान अप्रैल महीने में अब तक का सबसे ज़्यादा तापमान है और इसने 30 अप्रैल 2022 और 25 अप्रैल 2026 को दर्ज किये गये अपने पिछले कीर्तिमान (47.4 डिग्री सेल्सियस) को भी पीछे छोड़ दिया है।

बांदा के अलावा झांसी भी (45.2 डिग्री सेल्सियस) भी उन शहरों की सूची में शामिल रहा जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया।

मौसम विभाग ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि बुंदेलखंड क्षेत्र में झांसी, उरई और बांदा में भीषण लू का भी प्रकोप रहा।

विभाग की रिपोर्ट के अनुसार राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.8 डिग्री ज़्यादा) और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.7 डिग्री ज़्यादा) दर्ज किया गया।

रिपोर्ट के अनुसार आगरा में 44.4 डिग्री सेल्सियस और प्रयागराज, हमीरपुर और उरई में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक अगले 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ अलग-अलग स्थानों पर बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफ़ान आने की प्रबल संभावना है।

भीषण गर्मी की वजह से जनजीवन पर बुरा असर पड़ा है और लोग दोपहर में तपिश के बीच घर से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। दिन में सड़कें आमतौर पर सूनी नजर आ रही हैं।

प्रदेश में बढ़ते तापमान और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत स्कूलों में लू से बचाव के उपाय, समय-बद्ध गतिविधियां और स्वास्थ्य सुरक्षा दिशानिर्देश लागू किए गए हैं।

राज्य सरकार ने एक बयान में कहा कि स्वास्थ्य विभाग को ओआरएस, ग्लूकोज़, इलेक्ट्रोलाइट्स, आयरन की गोलियों और प्राथमिक उपचार किट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

प्रदेश के अधिकांश ज़िलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चले जाने को देखते हुए सरकार ने पहले ही व्यापक उपाय लागू कर दिए हैं।

भाषा सलीम शोभना

शोभना