संभल (उप्र), 12 फरवरी (भाषा) संभल के जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को यहां नरोली इलाके में सरकारी जमीन पर बने एक कथित गैर-कानूनी मदरसे को गिरा दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई चंदौसी तहसील में बनियाठेर थानाक्षेत्र के मोहल्ला बंजारी कुआं में की गई, जहां दारुल उलूम मदरसा कथित तौर पर खाद के गड्ढे और आम रास्ते के तौर पर दर्ज ज़मीन पर बनाया गया था।
अधिकारी के अनुसार अतिक्रमण अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, जिसमें पांच थानों के कर्मी और पीएसी के जवान शामिल थे।
चंदौसी के उप जिलाअधिकारी आशुतोष तिवारी ने बताया कि नरौली कस्बे में सरकारी जमीन राजस्व के रिकार्ड में खाद के गड्ढे ओर रास्ते में दर्ज इस जमीन पर मदरसे और सात-आठ मकान हैं।
तिवारी ने कहा कि दो बार नोटिस दिये गये, इन्हें समय भी दिया गया था जिसके बाद आज यह कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि उक्त मदरसा 225 वर्ग मीटर पर बना हुआ है और इसे हटाने की कार्यवाही की जा रही है।
नरौली पंचायत के अध्यक्ष बिट्टन मालिक ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ हमें कोई नोटिस नहीं मिला।’’
उन्होंने कहा कि यह धार्मिक संस्थान है।
अधिकारियों ने कहा कि ज़मीन पर दूसरे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी ।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार