देवरिया (उप्र), 21 अप्रैल (भाषा) जिले के एक गांव में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में गाने के चयन को लेकर युवाओं के दो समूहों के बीच हुए विवाद के बाद कथित तौर पर आग लगाये जाने से तीन मोटरसाइकिल और एक झोपड़ी जलकर राख हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
घटना खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव सोमवार देर रात को हुई।
पुलिस के अनुसार, यह कार्यक्रम एक ‘उपनयन’ संस्कार के अवसर पर आयोजित किया गया था। पुलिस के अनुसार, दिन के अनुष्ठान के बाद शाम को आर्केस्ट्रा और रात्रि भोज का आयोजन किया गया था।
पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान युवाओं के दो गुटों के बीच अपनी पसंद के गाने बजाने को लेकर बहस हो गई, जो हाथापाई तक पहुंच गई।
पुलिस ने कहा कि ग्रामीणों ने हस्तक्षेप किया और उस समय स्थिति शांत हो गई। पुलिस ने बताया कि हालांकि, बाद में कुछ उपद्रवियों ने कथित तौर पर गांव के बाहरी इलाके में एक झोपड़ी में आग लगा दी।
पुलिस ने बताया कि आग तेजी से फैल गई, जिससे झोपड़ी के अंदर खड़ी तीन मोटरसाइकिल जल गईं। पुलिस और दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया।
थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि घटना के संबंध में पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
भाषा सं जफर अमित
अमित