होली पर वाराणसी में चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

होली पर वाराणसी में चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

होली पर वाराणसी में चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
Modified Date: March 4, 2026 / 11:34 am IST
Published Date: March 4, 2026 11:34 am IST

वाराणसी (उप्र), चार मार्च (भाषा) वाराणसी में होली पर्व पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

सहायक पुलिस आयुक्त अतुल अंजान त्रिपाठी ने बुधवार को बताया कि वाराणसी में होली के दौरान कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए 12 आईपीएस अधिकारियों सहित 35 वरिष्ठ अफसरों और करीब 6000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

उन्होंने बताया कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरा और नियंत्रण कक्ष से लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है और अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

सहायक पुलिस संयुक्त ने बताया कि नगर की संकरी गलियों में अश्व पुलिस बल की तैनाती की गयी है। उन्होंने बताया कि होली के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, स्टंट करने अथवा हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि साथ ही वाहनों की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं और बिना हेलमेट और दो पहिया वाहन पर तीन सवारी पर भी कार्रवाई की जाएगी।

त्रिपाठी ने बताया कि होली पर घाटों पर होने वाले हुड़दंग को रोकने के लिए गंगा में नौका संचालन पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि साथ ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और पुलिस की टीम गंगा में लगातार गश्त कर रही है और आदेश का उल्लंघन करने वाले नाविकों पर मामला दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

त्रिपाठी ने बताया कि होली के बाद रात आठ बजे तक गंगा में नाव का संचालन किया जा सकता है।

भाषा सं सलीम अमित

अमित


लेखक के बारे में