अलीगढ़ (उप्र), 12 जुलाई (भाषा) अलीगढ़ जिले के छर्रा कस्बे के बाहरी इलाके में एक खेत में 14 साल की लड़की से सामूहिक बलात्कार के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि पीड़िता के पिता का कहना है कि लड़की शनिवार शाम कुछ सामान खरीदने के लिए पास के बाजार गई थी लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से लड़की को एक सुनसान जगह पर बेहोश और घायल हालत में पाया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने पास में ही नशे की हालत में घूम रहे दो लोगों को पकड़ लिया।
सूत्रों के मुताबिक पीड़िता के पिता ने शिकायत में आरोप लगाया कि पकड़े गए आरोपियों कृष्ण गोपाल और संजू ने पहले लड़की पर कोई रसायन छिड़ककर उसे अर्द्ध बेहोश कर दिया और फिर उसे जबरदस्ती शराब पिलाकर उसके साथ मारपीट और बलात्कार किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अविनाश कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
कुमार ने बताया कि पीड़िता का अभी ज़िला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है।
भाषा सं सलीम रंजन
रंजन