सीतापुर में दो चचेरे भाई नाले में डूब गए
सीतापुर में दो चचेरे भाई नाले में डूब गए
सीतापुर,19 अगस्त (भाषा) सीतापुर में बुधवार को खेत पर जाते समय दो चचेरे भाई बारिश से भरे नाले में डूब गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि रामपुर मथुरा थानाक्षेत्र के केवड़ा गांव में शाम करीब चार बजे कल्लू (25) और उसके 12 वर्षीय चचेरे भाई सुरेंद्र की नाले में डूबकर मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, बारिश के बाद नाले में पानी का बहाव तेज हो गया था. नाला पार करते समय सुरेंद्र का पैर फिसल गया और वह डूबने लगा।
पुलिस ने बताया कि उसे संकट में देखकर कल्लू उसे बचाने की कोशिश में पानी में कूद गया, लेकिन तेज धारा में दोनों बह गए।
सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से कुछ देर बाद दोनों चचेरे भाइयों के शव निकाले गये।
घटना की सूचना पाकर महमूदाबाद के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अभिषेक प्रियदर्शी भी मौके पर पहुंचे।
प्रियदर्शी ने कहा कि मृतकों के परिवारों को सरकारी मानदंडों के अनुसार 4-4 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्यवाही चल रही है।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार

Facebook


