सहारनपुर (उप्र), 13 अगस्त (भाषा) सहारनपुर जिले के चिलकाना थाना क्षेत्र के एक मकान में कक्षा 11 की एक छात्रा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि उसकी सहेली का फांसी का फंदा खुलने से जान बच गई और वह अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
क्षेत्राधिकारी (सदर) विकास प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि इस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद प्रतीत होता है, लेकिन सभी दृष्टिकोण से इस मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया कि ये दोनों लड़कियां स्कूल के लिए निकली थीं, लेकिन घर वापस नहीं लौटीं।
चौहान ने बताया कि परिजनों को पता चला कि इनमें से एक लड़की का एक स्थानीय युवक से प्रेम प्रसंग है और दोनों उसके घर गई थीं।
चौहान ने बताया कि जब पड़ोसियों को कई बार दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने घर में प्रवेश किया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस मृतक की सहेलियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
भाषा सं राजेंद्र शफीक
शफीक