मैनपुरी (उप्र), 13 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मैनपुर जिले में दो लोग तखराऊ नहर में बह गए जिनकी तलाश के लिए अभियान जारी है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि एक अनजान आदमी ने कथित रूप से आत्महत्या की कोशिश करते हुए नहर में छलांग लगा दी जिसके बाद एक मछुआरा उसे बचाने की कोशिश में नहर में कूद गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राहुल मिठास ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार शाम तखराऊ नहर पुल के पास हुई।
पुलिस के मुताबिक, एक अनजान आदमी नहर में कूद गया और वह पानी की तेज धारा में बह गया।
मिठास ने बताया कि कुर्रा थाना क्षेत्र के सैद गांव का रहने वाला राजू कश्यप (38) नाम का एक मछुआरा उसे बचाने की कोशिश में नहर में कूदा लेकिन वह भी धारा में बह गया।
गांव वालों और राहगीरों ने पुलिस को घटना की खबर दी, जिसके बाद कुर्रा थाना प्रभारी विक्रांत कुमार एक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तलाश अभियान शुरू किया।
मिठास ने बताया कि वह भी पुलिस क्षेत्राधिकारी अजय सिंह चौहान, तहसीलदार संतोष राजोरिया और करहल निरीक्षक महाराज सिंह भाटी के साथ मौके पर पहुंचे और रात भर जारी रहे तलाश अभियान की निगरानी की लेकिन दोनों लोगों का कुछ पता नहीं चल सका।
उन्होंने बताया कि तलाश अभियान अब भी जारी है।
मिठास ने बताया कि घटना के बाद, कुछ ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और नारे लगाते हुए सड़क मार्ग बाधित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस के उन्हें समझा कर शांत किया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई।
भाषा सं जफर सिम्मी
सिम्मी