आर्मी पब्लिक स्कूल में दो छात्रों ने एक छात्र पर किया हमला, मामला दर्ज

Ads

आर्मी पब्लिक स्कूल में दो छात्रों ने एक छात्र पर किया हमला, मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - February 2, 2026 / 12:51 AM IST,
    Updated On - February 2, 2026 / 12:51 AM IST

लखनऊ, एक फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक हैरान करने वाली घटना में आर्मी पब्लिक स्कूल में कक्षा तीन और पांच में पढ़ने वाले दो छात्रों ने एक छात्र पर कथित रूप से हमला करके उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह जानकारी पुलिस ने दी।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित की आंखों में गंभीर चोटें आईं और उसकी रोशनी चली गई है।

पुलिस ने बताया कि बच्चे की मां द्वारा कैंट थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार यह घटना 21 जनवरी को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे स्कूल के मैदान में हुई। पुलिस ने बताया कि महिला ने आरोप लगाया है कि स्कूल की कक्षा पांच (ए) में पढ़ने वाले उनके बेटे पर कक्षा पांच (ई) के एक छात्र और क्लास तीन (सी) के एक अन्य छात्र ने हमला किया।

पुलिस ने बताया कि महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी छात्रों ने उनके बच्चे को जमीन पर गिरा दिया और उसके आंखों और चेहरे पर जूते की एड़ी रगड़ी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि हमले के बाद बच्चे की आंखों की रोशनी चली गई और उसका कमान अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि स्कूल अधिकारियों को सूचित किए जाने के बावजूद उन्होंने इस घटना पर कोई ध्यान नहीं दिया। शिकायतकर्ता ने शामिल छात्रों के साथ-साथ कथित लापरवाही के लिए स्कूल कर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में 30 जनवरी को कैंट थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच जारी है।

भाषा सं. सलीम अमित

अमित