जालौन (उप्र), 14 फरवरी (भाषा) जालौन (उरई) जिला कारागार में शनिवार को एक विचाराधीन कैदी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कारागार विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
जिला कारागार अधीक्षक नीरज देव ने बताया कि हमीरपुर निवासी मनोज कुमार मार्च 2025 में जेल में आया था। आरोपी के खिलाफ कोतवाली कालपी में बाल यौन अपराध संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत था।
उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर बाद वह बैरक में बंद कैदियों से शौचालय जाने की बात कह कर लगभग 10 से 15 मिनट तक जब वापस नहीं आया तो बैरक में तैनात सिपाहियों ने विचाराधीन कैदी की तलाश की। उसने शौचालय में प्लास्टर गिरने से छत में दिख रहे सरिया से अपने गमछे से फंदा लगा लिया। सिपाहियों ने तत्काल जेल प्रशासन को सूचना दी और जिला अस्पताल उरई ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने उरई के मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया।
जेल अधीक्षक ने बताया कि कैदी ने क्यों फांसी लगाई, गमछा उसके पास कैसे पहुंचा और इसके अलावा फांसी लगाने के कारण की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले में यदि कोई जेल कर्मचारी दोषी पाया जाएगा तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं आनन्द गोला
गोला