अपनी शादी से ‘नाखुश’ महिला मोबाइल टावर पर चढ़ी, तीन घंटे बाद उतरी

Ads

अपनी शादी से 'नाखुश' महिला मोबाइल टावर पर चढ़ी, तीन घंटे बाद उतरी

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 09:28 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 09:28 PM IST

हाथरस (उप्र), 28 अप्रैल (भाषा) हाथरस जिले के सासनी क्षेत्र में मंगलवार को कथित तौर पर अपनी शादी से नाखुश एक महिला अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गयी। करीब तीन घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद महिला को समझा-बुझाकर नीचे उतारा गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूजा नामक महिला आज दोपहर हाथरस जंक्शन स्थित अपनी ससुराल से अचानक निकली और रास्ते में सासनी थाना क्षेत्र के लुटसान मार्ग पर बने एक मोबाइल टावर पर सबसे ऊपर चढ़ गयी।

उन्होंने बताया कि महिला को टावर पर चढ़ा देखकर लोगों को भीड़ जमा हो गयी और उससे नीचे उतरने को कहा लेकिन उसने कहा कि वह अपनी शादी से नाखुश है और अपने प्रेमी के साथ जाना चाहती है।

सूत्रों ने बताया कि महिला को टावर से उतरने के लिये काफी समझाया गया, मगर कोई फर्क नहीं पड़ने पर उसके पिता राजेंद्र और भाई को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने उससे नीचे उतरने के लिये काफी मिन्नतें कीं। उन्होंने बताया कि काफी मान-मनौव्वल पर करीब तीन घंटे बाद महिला टावर से नीचे उतरी।

सासनी कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी ने बताया कि सासनी कस्बे के हरिनगर के रहने वाले राजेंद्र ने अपनी बेटी पूजा की शादी दो साल पहले हाथरस जंक्शन के गांव बरमाना के निवासी यशपाल से की थी।

उन्होंने बताया कि पूजा कथित तौर पर अपनी शादी से खुश नहीं थी और वह सासनी कोतवाली क्षेत्र के समामई गांव के निवासी जयप्रकाश नाम के युवक को पसंद करती थी और वह उसी के साथ जाना चाहती थी, जिसकी मांग को लेकर वह टावर पर चढ़ गयी।

चौधरी ने बताया कि पूजा पुलिस की निगरानी में है और करीब तीन घंटे तक तपती धूप में टावर पर रहने के कारण एहतियातन उसका उपचार किया जा रहा है। भाषा सं. सलीम शोभना

शोभना