ब्रिटेन को बेहतर स्थिति में छोड़कर जा रहा हूं : स्टॉर्मर

Ads

ब्रिटेन को बेहतर स्थिति में छोड़कर जा रहा हूं : स्टॉर्मर

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 08:01 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 08:01 PM IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, 15 जुलाई (भाषा) ब्रिटेन के निवर्तमान प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर का संसद के निचले सदन में ‘प्रधानमंत्री से प्रश्न’ संबंधी आखिरी सत्र का समापन बुधवार को भावुक संबोधन और सत्ता पक्ष के सदस्यों के खड़े होकर किये गये अभिनंदन के साथ हुआ। इस मौके पर उन्होंने दावा किया कि वह देश को बेहतर स्थिति में छोड़कर जा रहे हैं।

लेबर पार्टी के सांसद 63-वर्षीय स्टॉर्मर ने पिछले महीने अपने इस्तीफे की घोषणा की थी और नया नेता के चुने जाने तक वह कार्यवाहक के तौर पर काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वह ब्रिटेन को उस स्थिति से बेहतर हालत में छोड़कर जा रहे हैं, जिसमें उन्हें यह मिला था। साथ ही, उन्होंने अपने उत्तराधिकारी को ‘‘दिल से समर्थन’’ देने का भरोसा दिया।

ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व महापौर एंडी बर्नहम अगले हफ्ते ब्रिटिश प्रधानमंत्री का कार्यभार संभालने की ओर अग्रसर हैं, क्योंकि उन्हें नेतृत्व की दौड़ में लेबर पार्टी के 349 सांसदों का जबरदस्त समर्थन मिला है।

स्टॉर्मर ने हाउस ऑफ कॉमन्स में सांसदों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मुझे इस बात पर गर्व है कि मैं इस देश को उस स्थिति से बेहतर हालत में छोड़कर जा रहा हूं, जिसमें मैंने इसे पाया था। हमने जो कुछ भी हासिल किया है, उसपर मुझे गर्व है।’’ उन्होंने ‘‘गुडबाय’’ कहकर ‘प्रधानमंत्री से प्रश्न’ सत्र का समापन किया।

माना जा रहा है कि सोमवार को बकिंघम पैलेस में महाराजा चार्ल्स तृतीय से मुलाकात के दौरान स्टॉर्मर औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंपेंगे, जिसके बाद महाराजा द्वारा बर्नहम को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश