बांदा, 25 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में 80 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। पुलिस ने उनका शव घर से लगभग 200 मीटर दूर खेत से बरामद किया है। पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मंगलिक ने बताया कि सोमवार सुबह सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के रामनगर किसोई गांव में एक बुजुर्ग महिला का शव घर से लगभग 200 मीटर दूर खेत में मिला। मृतका की पहचान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजीत सिंह यादव की मां फूलमती के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि शव देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि किसी ने महिला के शरीर के ऊपरी हिस्से पर कोई रसायन या ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे विकृत कर दिया है।
एसपी ने बताया कि शव लगभग 10-12 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे आशंका है कि घटना रात में हुई होगी। उन्होंने कहा कि शव को जानवरों द्वारा आंशिक रूप से क्षत-विक्षत भी किया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने बुजुर्ग महिला को शनिवार शाम छह से सात बजे के बीच खेत की ओर जाते हुए देखा था। इस संबंध में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अभी तक किसी से पुरानी रंजिश का मामला सामने नहीं आया है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत