मेरठ, छह अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में कब्रिस्तान में तोड़फोड़ करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार रविवार की रात अज्ञात व्यक्ति द्वारा थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र के ग्राम पूठी स्थित कब्रिस्तान का गेट तथा धार्मिक आयतें लिखी पट्टिका क्षतिग्रस्त कर दी गई थी। इस संबंध में थाना परीक्षितगढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी (सदर देहात) के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने मामले की जांच की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान गौरव के रूप में हुई, जिसे सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को कानूनी कार्यवाही पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ इसी प्रकार के मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत