लखनऊ, तीन जून (भाषा) उत्तर प्रदेश में बुधवार को बस्ती सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि फतेहपुर, लखीमपुर-खीरी और प्रयागराज सहित कई अन्य जिलों में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
विभाग ने कहा कि राज्य भर में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। उसने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
विभाग के मुताबिक, फतेहपुर में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री, लखीमपुर-खीरी में 41 डिग्री, फतेहगढ़ में 40.8 डिग्री, प्रयागराज और वाराणसी में 40.5 डिग्री तथा बहराइच और गाजीपुर में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विभाग के अनुसार, झांसी में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री, गोरखपुर में 39.8 डिग्री, सुल्तानपुर में 38.9 डिग्री, लखनऊ में 38.8 डिग्री, बलिया में 38.8 डिग्री, मुरादाबाद में 38.7 डिग्री और कानपुर शहर में 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने लखनऊ और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। वहीं, राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
विभाग ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
विभाग के अनुसार, बुधवार को कुछ जिलों में बारिश दर्ज की गई। उसने बताया कि आजमगढ़ में 8 मिलीमीटर और गोरखपुर में 3.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि कानपुर और हमीरपुर में हल्की वर्षा होने की खबर है।
भाषा
किशोर जफर पारुल
पारुल