उप्र: इटावा में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से भाई-बहन की मौत

उप्र: इटावा में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से भाई-बहन की मौत

उप्र: इटावा में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से भाई-बहन की मौत
Modified Date: June 1, 2026 / 09:26 pm IST
Published Date: June 1, 2026 9:26 pm IST

इटावा, एक जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक गांव के पास पानी से भरे गड्ढे में डूबने से सोमवार को दो चचेरे भाई-बहन की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, रविवार को आई तेज आंधी और बारिश के कारण बसरेहर थाना क्षेत्र के कृपालपुर गांव के निकट ईंट निर्माण के लिए मिट्टी खनन से बने गड्ढों में पानी भर गया था।

पुलिस ने बताया कि सोमवार को ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले दो भाइयों के बच्चे प्रियांशु (आठ) और मनीषा (10) अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे तथा इसी दौरान वे फिसलकर पानी से भरे गड्ढे में गिर कर डूब गए।

पुलिस के मुताबिक, अन्य बच्चों ने परिजनों को सूचना दी लेकिन जब तक वे लोग मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।

सूचना पाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

इस बीच, जिले में रविवार शाम आई आंधी-बारिश से जुड़ी एक अन्य घटना में इकदिल थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव में दीवार गिरने से 59 वर्षीय विद्यावती की मौत हो गई, जबकि उनके पति कैलाश बाबू गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, दंपति अपने घर के आंगन में भोजन कर रहे थे कि तभी दीवार उनके ऊपर गिर गई।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

उपजिलाधिकारी विक्रम सिंह राघव ने बताया कि मृतका के परिजनों को आपदा राहत योजना के तहत निर्धारित सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी जबकि घायल का उपचार जारी है।

भाषा सं आनन्‍द जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में