लखनऊ, 29 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विद्यार्थियों से शिक्षा, अनुसंधान, नवप्रवर्तन और उद्यमशीलता के जरिए राष्ट्र निर्माण में योगदान करने का आह्वान करते हुए मंगलवार को कहा कि वैश्विक नेतृत्व की दिशा में भारत की प्रगति इसके युवाओं की प्रतिभा और समर्पण पर निर्भर करती है।
बलिया में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह में पढ़े गए एक संदेश में राज्यपाल ने कहा कि एक दीक्षांत समारोह केवल डिग्रियां देने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जीवन में एक नयी यात्रा की शुरुआत का दिन है।
यह संदेश विशेष अधिकारी (शिक्षा) डॉक्टर पंकज एल. जानी ने पढ़ा।
राज्यपाल ने कहा, “युवाओं ने हमेशा से ही राष्ट्र निर्माण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। स्नातक हो रहे विद्यार्थियों से आग्रह है कि वे आत्मनिर्भर भारत में योगदान करने के लिए ज्ञान और कौशल से युक्त बनें जिससे यह देश वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़े।”
भाषा राजेंद्र
जोहेब
जोहेब