लखनऊ, 21 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार ने अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को प्रत्यक्ष रूप से सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई है जिसमें पुलिस उपाधीक्षक रैंक के व्यक्ति शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “प्रदेश के भीतर आपने देखा होगा कि हमारे धावकों ने पदक जीते और देश के लिए खेला, लेकिन उन्हें समाज और सरकार से जो प्रोत्साहन मिलना चाहिए था, उसकी कमी थी। हमने कहा कि वे देश के लिए खेल रहे हैं, हमें उन्हें कुछ गारंटी देनी चाहिए। कम से कम हम सरकारी सेवा में उस खिलाड़ी को एक अवसर दे सकते हैं।”
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “हमने हमारी नीति में परिवर्तन किया और आज मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि हमने प्रदेश में अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को सीधे तौर पर सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई है जिसमें पुलिस उपाधीक्षक रैंक तक की नियुक्ति शामिल है।”
मुख्यमंत्री शनिवार को लखनऊ में एक अग्रणी अंग्रेजी दैनिक अखबार द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जिन खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी गई है, उनमें कुछ तहसीलदार, अपर निदेशक (खेल) और अन्य विभागों में तैनात हैं।
भाषा राजेंद्र सुरभि
सुरभि