उप्र : हापुड़ में अपहृत युवक सकुशल बरामद, छह अपहर्ता गिरफ्तार

Ads

उप्र : हापुड़ में अपहृत युवक सकुशल बरामद, छह अपहर्ता गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 09:11 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 09:11 PM IST

हापुड़, 23 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश में हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में पुलिस ने पांच दिन पहले अगवा किए गए एक युवक को सकुशल बरामद कर छह अपहर्ताओं को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से फिरौती के रूप में वसूले गए साढ़े सात लाख रुपये, दो तमंचे, दो कारतूस, चार अवैध चाकू तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई है।

उन्होंने बताया कि फाजिल नामक युवक 17 अप्रैल को देवबंद से अपने घर गजरौला लौट रहा था, तभी अल्लाबख्शपुर टोल के पास सलमान और मसूद ने अपने साथियों आकाश, राहुल और नीरज के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया।

पुलिस के अनुसार अपहरण के बाद आरोपियों ने फाजिल को अलीगढ़ ले जाकर राहुल और उसकी पत्नी शिखा के घर में बंधक बनाकर रखा।

सिंह ने बताया कि अपहर्ताओं ने परिजनों से 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी, जिसमें से करीब 12.5 लाख रुपये उन्हें दे दिए गए थे।

उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर गढ़ पुलिस ने स्याना रोड स्थित वेदांता कॉलेज के पास से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों से उनके नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में पूछताछ की जा रही है।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत