बागपत/बिजनौर/बुलंदशहर, 20 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के बागपत, बिजनौर और बुलंदशहर जिलों में कुट्टू के आटा से बने खाद्य पदार्थ के सेवन से एक अपर जिलाधिकारी समेत 85 से अधिक लोग बीमार पड़ गये। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
नवरात्र के दौरान बागपत जिले में कुट्टू के आटे से बना भोजन खाने के बाद अपर जिलाधिकारी (एडीएम-न्यायिक) शिव नारायण सिंह समेत 18 से अधिक लोग बीमार हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला संयुक्त अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़ौत में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, बृहस्पतिवार की शाम शिव नारायण सिंह, उनके सहायक कर्मचारी सतीश कश्यप तथा अन्य लोगों ने कुट्टू के आटे से बने व्यंजन का सेवन किया था। इसके कुछ ही देर बाद उन्हें उल्टी, बेचैनी और अन्य दिक्कतें महसूस होने लगीं। स्थिति बिगड़ने पर सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
इस घटना में कासिमपुर खेड़ी गांव के एक ही परिवार के नौ सदस्य, मलकपुर गांव के छह लोग तथा बावली गांव के दो लोग भी शामिल हैं, जो विषाक्त भोजन खाने से प्रभावित हुए और उन्हें उपचार की जरूरत पड़ी। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त डी पी सिंह ने बताया कि संबंधित कुट्टू के आटे के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस दुकानदार द्वारा यह आटा बेचा गया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संदिग्ध दुकानों से नमूने लेकर जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बाजार में कुट्टू के मिलावटी आटे की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल विश्वसनीय और पैक्ड खाद्य सामग्री का ही उपयोग करें।
उधर, बिजनौर जिले में नवरात्र के पहले दिन बृहस्पतिवार को कुट्टू का आटा से बना भोजन खाने से करीब 30 लोग उल्टी, दस्त का शिकार हो गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ कौशलेन्द्र सिंह ने बताया कि मंडावली और नजीबाबाद के सिकरोड़ा, लाहक कला, मोहनपुर और खैरुल्लापुर में लगभग 30 लोग कुटटू के आटे से बना भोजन खाने के कारण उल्टी, दस्त से पीड़ित हो गये।
उन्होंने बताया कि अधिकतर को समीपुर अस्पताल नजीबाबाद भर्ती कराया गया। कुछ मरीजों ने निजी अस्पतालों मे भी उपचार कराया। सीएमओ ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है। खाद्य विभाग कुट्टू का आटा बेचने वाली नजीबाबाद की दुकान से नमूने लेकर जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई करेगा। बुलंदशहर जिला मुख्यालय के विभिन्न क्षेत्रों में कुट्टू का आटा खाने से करीब 36 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। एक प्रशासनिक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सदर क्षेत्र के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) दिनेश चंद्र ने बताया नवरात्र के पर्व पर श्रद्धालुओं ने व्रत रखा और इन लोगों ने कुट्टू के आटा से बना भोजन खाया था। इसमें 39 व्यक्तियों को यहां पर भर्ती कराया गया है और इनका इलाज चल रहा है। एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सभी लोगों से मिले हैं तथा उनके परिजनों से भी बात की है।
एसडीएम ने बताया कि अब सभी लोग स्वस्थ हैं और धीरे-धीरे उनके स्वास्थ्य में काफी बेहतर सुधार हो रहा है। यह लोग शहर के विभिन्न क्षेत्रों से हैं, इन लोगों ने बताया कि कई जगह से कुट्टू का आटा खरीदा है, किसी एक जगह से नहीं खरीदा है। उन्होंने कहा कि नमूने लेकर उसकी जांच की जा रही है और उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत