बागपत, नौ जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत कस्बे में मंगलवार को दिनदहाड़े एक टेंट व्यापारी और उसके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूरज राय ने बताया कि शाम करीब छह बजे सूचना मिली कि बड़ौत थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने दुकान पर बैठे पिता-पुत्र पर गोली चला दी।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 55 वर्षीय टेंट व्यापारी सोहन लाल और उनके 30 वर्षीय बेटे विकास के रूप में हुई है।
एसपी ने बताया, ‘‘प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। आरोपी और मृतक परिवार के बीच पहले से विवाद की जानकारी सामने आई है। वर्ष 2016 के एक मामले का भी उल्लेख मिला है, जिससे यह घटना जुड़ी हो सकती है।’’
पुलिस ने आरोपी की पहचान वरुण लोहरी के रूप में की है, जिसे कथित रूप से एक गैंगस्टर बताया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए 10 पुलिस टीमें गठित की गई हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर अन्य साक्ष्य जुटा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी के घायल होने की अफवाहों की भी जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही जानकारी साझा की जाएगी।
इस घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थानीय व्यापारियों ने बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन भी किया।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत