शामली (उप्र), 14 मई (भाषा) शामली जिले में पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के एक मामले में 55 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बृहस्पतिवार को बताया कि जिले के कैराना क्षेत्र में गत सात मई को दहेज की मांग को लेकर अनीता नामक महिला को जलाकर मार डालने का प्रयास किया गया था और इस दौरान लगी आग से उठे धुएं से दम घुटने के कारण उसकी बेटियों वंदना (10) और जसप्रीत (डेढ़ साल) की मौत हो गयी।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में जलने से अनीता भी घायल हो गयी थी।
कुमार ने बताया कि इस मामले में अनीता के भाई राहुल की शिकायत पर उसकी सास ईश्वरी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, क्रूरता तथा दहेज उत्पीड़न के आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि ईश्वरी को बुधवार शाम कैराना कस्बे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि अनीता को शुरू में एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले में जांच जारी है।
भाषा सं. सलीम मनीषा
मनीषा