UP News: बिजली बिल गड़बड़ी पर CM योगी सख्त, ओवरबिलिंग की जांच के लिए बनेगी विशेषज्ञों की समिति, सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

Ads

UP News: बिजली बिल गड़बड़ी पर CM योगी सख्त, ओवरबिलिंग की जांच के लिए बनेगी विशेषज्ञों की समिति, सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

  •  
  • Publish Date - April 10, 2026 / 10:03 AM IST,
    Updated On - April 10, 2026 / 10:11 AM IST

UP News | Photo Credit: IBC24

HIGHLIGHTS
  • स्मार्ट मीटरिंग और ओवरबिलिंग की जांच के लिए विशेषज्ञ समिति बनेगी
  • उपभोक्ता की गलती न होने पर बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा
  • बिलिंग और भुगतान प्रणाली को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने पर बल दिया गया

लखनऊ: UP News उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त उपभोक्ताओं की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए इसकी गहन जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि आम उपभोक्ता स्वाभाविक रूप से ईमानदार होता है और यदि उसे समय पर सही बिल प्राप्त हो, तो वह भुगतान करने में बिल्कुल नहीं हिचकता है।

UP News मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में ऊर्जा विभाग के कार्यां की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने ‘ओवरबिलिंग’ की समस्या की वास्तविक स्थिति का पता लगाने हेतु विशेषज्ञों की एक समिति गठित करने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि उपभोक्ता की कोई गलती नहीं है, तो उसका बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाना चाहिए। एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में किए गए सुधारों का वास्तविक लाभ अन्तिम उपभोक्ता तक पहुंचे, इसके लिए विश्वसनीय आपूर्ति, तकनीकी दक्षता और जवाबदेही को आधार बनाकर कार्य किया जाए। उन्होंने ‘स्मार्ट मीटरिंग’, पारेषण हानि में कमी, उपभोक्ता सेवाओं के डिजिटलीकरण तथा राजस्व संग्रह में सुधार को तेज करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने बिलिंग एवं भुगतान प्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने पर बल देते हुए उपभोक्ताओं को समय पर और सटीक बिल उपलब्ध कराने के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्मार्ट मीटरिंग प्रणाली को उपभोक्ता विश्वास के अनुरूप बनाने तथा शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण पर विशेष बल दिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि ऊर्जा मंत्री एवं पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक स्वयं फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित व प्रभावी निराकरण सुनिश्चित कराएं। मुख्यमंत्री ने ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया को और तेज किये जाने के निर्देश दिये, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो।

इन्हें भी पढ़े:-

स्मार्ट मीटरिंग को लेकर सीएम योगी ने क्या निर्देश दिए हैं?

उन्होंने उपभोक्ता शिकायतों की गहन जांच और ओवरबिलिंग की वास्तविक स्थिति जानने के लिए समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।

क्या उपभोक्ता की गलती न होने पर बिजली कनेक्शन काटा जाएगा?

नहीं, सीएम ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता की गलती न होने पर कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।

बिलिंग प्रणाली में क्या सुधार किए जाएंगे?

बिलिंग और भुगतान प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जाएगा ताकि उपभोक्ताओं को सही समय पर सटीक बिल मिले।