उप्र: खेत में महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया

Ads

उप्र: खेत में महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 06:48 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 06:48 PM IST

अमेठी, 17 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में मिलने के अगले दिन मंगलवार को उसके पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक वरिष्‍ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान गौरीगंज थानाक्षेत्र के पूरे डेंगूर गांव की रहने वाली रेखा (26) के रूप में की गई थी।

अमेठी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरवन टी ने बताया कि रेखा का शव 16 मार्च, सोमवार को गांव पूरे डींगूर के निकट संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया था। उन्होंने बताया कि रेखा की शादी करीब 12 साल पहले थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र के निवासी मंसाराम के साथ हुई थी।

एसपी के मुताबिक मंसाराम को आशंका थी कि उसकी पत्नी किसी और से फोन पर बात करती है, जिसको लेकर मंसाराम ने मायके आई अपनी पत्नी रेखा को रात करीब आठ बजे घर से बाहर बुलाया और वहीं पर लाठी डंडों से पीट कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी मंसाराम को धारा 103 (1) के तहत गिरफ्तार करके आज अदालत में पेश किया गया।

पुलिस के मुताबिक, रेखा के दो बच्चे हैं और वह होली से पहले गांव में अपने मायके आई थी।

भाषा सं आनन्‍द अमित

अमित