उप्र: केसरगंज मस्जिद के पास सुरक्षा बढ़ाई गयी, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

उप्र: केसरगंज मस्जिद के पास सुरक्षा बढ़ाई गयी, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

उप्र: केसरगंज मस्जिद के पास सुरक्षा बढ़ाई गयी, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
Modified Date: September 29, 2026 / 12:53 am IST
Published Date: September 29, 2026 12:53 am IST

मेरठ, 28 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में केसरगंज मंडी स्थित एक मस्जिद को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि एहतियात के तौर पर मस्जिद और उसके आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा गश्त बढ़ा दी गई है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में हिंदू दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी की ओर से मंगलवार को मस्जिद के पास हनुमान चालीसा का पाठ किए जाने की बात कही गई है।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी।

मस्जिद के मुतवल्ली जुबेर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी और मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का अनुरोध किया।

पुलिस के मुताबिक, केसरगंज मंडी स्थित मस्जिद के ऊपरी हिस्से में करीब एक महीने पहले निर्माण कार्य कराया जा रहा था।

स्थानीय व्यापारियों की शिकायत के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया था और इसी घटनाक्रम के बीच सोशल मीडिया पर संबंधित वीडियो प्रसारित हुआ।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) विनायक गोपाल भोसले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एहतियात के तौर पर मस्जिद के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और इलाके में गश्त बढ़ाई गई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री और क्षेत्र की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है।

अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

भाषा सं. सलीम जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में