उप्र : उन्नाव में जीप-ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत

Ads

उप्र : उन्नाव में जीप-ट्रक की टक्कर में छह लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 06:54 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 06:54 PM IST

उन्नाव, 29 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बिहार थाना क्षेत्र में बुधवार को जीप और ट्रक की टक्कर में पांच महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (बीघापुर) मधुप नाथ मिश्रा ने बताया कि यह हादसा सुमेरपुर-भगवंत नगर मार्ग पर किरतपुर गांव के सामने पूर्वाह्न करीब 11 बजे हुआ।

उन्होंने बताया कि मौरावां गांव निवासी एक परिवार के 10 लोग सूरज सिंह के बेटे शुभ के मुंडन संस्कार के लिए जीप से बक्सर गांव स्थित चंडीदेवी मंदिर जा रहे थे।

मिश्रा के अनुसार, बिहार थाना क्षेत्र के किरतपुर गांव के पास जीप चालक ने एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी आगे चल रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद जीप की रफ्तार कम हो गई और पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने भी उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिरकर पलट गई।

उन्होंने बताया कि पीछे से आ रहा ट्रक चालक भी नियंत्रण खो बैठा और उसका वाहन जीप से टकराते हुए सड़क किनारे पलट गया।

इस हादसे में जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में जीप चालक रामधनी तथा अर्चना, सुनीता, ज्योति, गीता और एक अन्य महिला की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिश्रा ने बताया कि इस दुर्घटना में शुभ समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत