इटावा, 14 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में कथित प्रेम संबंध के कारण एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव को मकान की दूसरी मंजिल से आंगन में फेंक दिया ताकि मामला पैर फिसलने से गिरकर मौत होने का प्रतीत हो।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तोड़ा गांव निवासी सुघर सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि 12-13 जुलाई की रात उनके बेटे आनंद उर्फ महबूब (35) की हत्या कर दी गई और उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर मिला।
उन्होंने बताया कि शिकायत में मृतक की पत्नी आशिकी देवी और उसके साथी पर हत्या का आरोप लगाया गया था।
श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आशिकी देवी (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कथित तौर पर अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आशिकी ने बताया कि उसकी शादी 14 वर्ष पहले आनंद से हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं।
पुलिस ने बताया कि आनंद प्रॉपर्टी डीलर था और काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहता था।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आशिकी देवी को पड़ोस में रहने वाले शिवम (22) से प्रेम हो गया और इसकी जानकारी होने पर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा।
पुलिस ने बताया कि घटना वाली रात बच्चों को उनके दादा-दादी के घर भेज दिया गया और इसके बाद आशिकी ने आनंद को पेय पदार्थ में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दीं।
पुलिस के मुताबिक, आनंद के बेहोश होने पर आशिकी ने शिवम को घर बुलाया और दोनों ने गमछे से उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त गमछा, मृतक की सोने की अंगूठी, एक कीपैड फोन, एक एंड्रॉयड फोन तथा अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र