सहारनपुर, तीन मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में रुपयों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक महिला ने 14 साल के नाबालिग लड़के को नहर में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया और नाबालिग का शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक (नगर) व्योम बिंदल ने बताया कि शुक्रवार को केशव नगर स्थित नुमायश कैंप निवासी ज्योति नाम की महिला ने कोतवाली में तहरीर दी कि उनका 14 वर्षीय बेटा अंशुमन घर से सामान लेने निकला था और वापस नहीं लौटा।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
बिंदल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक महिला स्कूटी पर बच्चे को पीछे बैठाकर ले जाती दिखी, जिसकी पहचान नुमायश कैंप की निवासी पूजा के रूप में हुई।
उन्होंने बताया कि पूजा को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गयी और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अंबाला-सरसावा रोड स्थित बड़ी नहर में नाबालिग को जान से मारने की नियत से गहरे पानी में धक्का दे दिया।
पुलिस ने 17 गोताखोरों के साथ करीब 14 घंटे बचाव अभियान चलाया और शव को अंबाला रोड की बड़ी नहर के पुल से करीब 150 मीटर दूर बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या की धारा 103 (1) बढ़ाई गई है।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में 38 वर्षीय आरोपी पूजा ने खुलासा किया कि ज्योति उसकी 16-17 साल पुरानी दोस्त थी और उसने डेढ़ साल पहले 6.50 लाख रुपये में अपनी दोस्त (ज्योति) को एक दुकान बेची थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुलासा किया कि दुकान बिक्री के रुपये को लेकर हुए लेन-देन से जुड़े विवाद में उसने रंजिश में यह कदम उठाया।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र