उप्र: युवक ने साथियों संग मिलकर प्रेमिका के भाई की गोली मारकर हत्या की

Ads

उप्र: युवक ने साथियों संग मिलकर प्रेमिका के भाई की गोली मारकर हत्या की

  •  
  • Publish Date - June 16, 2026 / 01:15 PM IST,
    Updated On - June 16, 2026 / 01:15 PM IST

बरेली, 16 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक युवक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर अपनी प्रेमिका के भाई की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार देर रात उस समय हुई, जब बारादरी थानाक्षेत्र के गोसाईं गौटिया गांव में रहने वाला अर्जुन (21) डेलापीर स्थित एक बारात घर में डीजे बजाने का अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था कि तभी घात लगाए लोगों ने उसे घेर लिया और एक ने उसके सिर में गोली मार दी।

पुलिस ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने पाया कि अर्जुन की मौत हो चुकी थी।

पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारीक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में चार लोग दिखाई दिये।

उन्होंने बताया कि इन चार लोगों में अर्जुन के अलावा तीन आरोपी कुश, अर्पित और कपिल की पहचान हो गयी है जबकि एक आरोपी की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि अर्जुन की बहन और 22 वर्षीय कुश के बीच प्रेम प्रसंग थास जिसे लेकर अर्जुन और कुश के बीच विवाद था।

उन्होंने बताया कि सोमवार को कुश अपने दोस्त अर्पित मौर्य और कपिल के साथ अर्जुन के पास गया, जहां कहासुनी के दौरान अर्जुन के सिर में गोली मार कर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

अधिकारी ने बताया कि अर्जुन को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अर्जुन के पिता राकेश मौर्य ने आरोप लगाया कि मोहल्ले के कुश ने तीन साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

उन्होंने मामले में चार लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी है।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

भाषा सं आनन्द मनीषा जितेंद्र

जितेंद्र