उप्र: टंकी से नीचे गिरकर एक लड़के की मौत, सेना ने हेलीकॉप्टर के जरिये दो लोगों को नीचे उतारा

Ads

उप्र: टंकी से नीचे गिरकर एक लड़के की मौत, सेना ने हेलीकॉप्टर के जरिये दो लोगों को नीचे उतारा

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 07:05 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 07:05 PM IST

सिद्धार्थनगर, तीन मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक पानी की टंकी की सीढ़ी टूटने से नीचे गिरकर एक लड़के की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए जबकि दो अन्य लोगों को सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से नीचे उतारा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन ने युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

पुलिस ने बताया कि सिद्धार्थनगर शहर में कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले पांच लड़के शनिवार को पास में ही स्थित करीब 30 साल पुरानी और जर्जर हो चुकी पानी की टंकी पर चढ़ गए थे।

उन्होंने बताया कि लड़के जब नीचे उतर रहे थे तभी टंकी की सीढ़ी अचानक ढह गई, जिससे उनमें से तीन लड़के नीचे गिर गए, जबकि दो अन्य सीढ़ी टूटने की वजह से ऊपर ही फंसे रह गए।

पुलिस ने बताया कि टंकी के ऊपर फंसे दो लड़कों को नीचे उतारने के लिए एक वैकल्पिक रास्ता बनाने की कोशिश की जा रही थी लेकिन बारिश के चलते व्यवधान उत्पन्न होने के बाद गोरखपुर से मंगवाए गए वायु सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से दोनों लड़कों को रविवार सुबह सकुशल नीचे उतार लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल गोलू (12), सनी (14) और सिद्धार्थ (10) को फौरन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां सिद्धार्थ को मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि गोलू और सनी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गोरखपुर के अस्पताल में स्थानातंरित कर दिया गया।

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी. एन. ने बताया कि टंकी पर फंसे रह गए पवन (14) और शाबान (12) को नीचे उतारने के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने का प्रयास किया जा रहा था लेकिन अचानक हुई बारिश के कारण कार्य बाधित हो गया, जिसके बाद स्थिति को देखते हुए तत्काल सेना के हेलीकॉप्टर की सहायता लेने का निर्णय लिया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि हालात को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय और राहत एवं आपदा विभाग से फोन पर बात करके गोरखपुर से वायु सेना का हेलीकॉप्टर मंगवाया।

अधिकारी ने बताया कि उनके अनुरोध पर हेलीकॉप्टर भेजा गया और उसकी मदद से कड़ी मशक्कत के बाद रविवार सुबह करीब पांच बजकर 20 मिनट पर टंकी पर फंसे दोनों लड़कों को सकुशल नीचे उतार लिया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान वह खुद और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई एवं सेना के समन्वय से यह चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

इस बीच लखनऊ में जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन ने युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

रील बनाने के लिए टंकी पर पांच बच्चे चढ़े थे।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि फंसे बच्चों को सुरक्षित निकालने में कोई ढिलाई न बरती जाए।

योगी के निर्देश के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।

बयान के मुताबिक योगी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में कई बाधाएं सामने आईं।

टंकी के आसपास जलभराव के कारण जमीन दलदली हो गई थी, जिससे भारी मशीनरी जैसे जेसीबी और क्रेन का उपयोग संभव नहीं हो सका।

टंकी की ऊंचाई और टूटी सीढ़ी के कारण ऊपर पहुंचना जोखिम भरा था, बावजूद इसके प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों ने लगातार प्रयास जारी रखा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर भारतीय वायुसेना से सहायता ली गई।

वायुसेना की टीम ने अत्यंत सावधानी से दोनों फंसे बच्चों को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

भाषा सं सलीम आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र