उप्र: भदोही में लापता छह साल के बच्चे का शव कुएं में मिला, मामले की जांच जारी

Ads

उप्र: भदोही में लापता छह साल के बच्चे का शव कुएं में मिला, मामले की जांच जारी

  •  
  • Publish Date - March 28, 2026 / 07:53 PM IST,
    Updated On - March 28, 2026 / 07:53 PM IST

भदोही, 28 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में पांच दिन पहले लापता हुए छह वर्षीय एक बच्चे का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पानी से भरे कुएं से बरामद किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान औराई थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी राजा बाबू के रूप में हुई है, जो 24 मार्च को अपने घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि बच्चा 24 मार्च को दोपहर एक बजे के आसपास गायब हुआ था, जिसके बाद पुलिस और श्वान दस्ते ने दो दिनों तक तलाशी अभियान चलाया लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद लड़के के मामा मुबारक ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

अग्रवाल ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत 25 मार्च को अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने शनिवार को लड़के के घर से लगभग थोड़ी दूर एक खेत में पानी से भरे कुएं से दुर्गंध आती देखी और जब वे पहुंचे तो उन्होंने शव को कुएं में तैरता पाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी।

अधिकारी ने बताया, “शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले की विस्तृत जांच जारी है।”

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र