उप्र : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट, मंत्रिपरिषद विस्तार की संभावना

Ads

उप्र : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट, मंत्रिपरिषद विस्तार की संभावना

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 11:09 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 11:09 PM IST

लखनऊ, नौ मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से लखनऊ स्थित ‘जन भवन’ में शिष्टाचार भेंट की।

इस मुलाकात के बाद राज्य में मंत्रिपरिषद विस्तार की संभावना तेज हो गई हैं।

‘जन भवन’ की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें श्री लालचंद राम द्वारा लिखित पुस्तक “भारतीय ज्ञान परंपरा अवधारणा” भेंट की।

राज्य में लंबे समय से मंत्रिपरिषद विस्तार की चर्चाएं चल रही हैं और माना जा रहा है कि इस पर जल्द निर्णय हो सकता है।

‘पीटीआई-भाषा’ सूत्रों ने योगी आदित्यनाथ सरकार का विस्तार रविवार को निर्धारित होने की पुष्टि की और नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह दोपहर तीन बजे जन भवन में हो सकता है।

पश्चिम बंगाल और असम समेत कई राज्यों में हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच राजनीतिक विश्लेषकों का अनुमान है कि उत्तर प्रदेश सरकार में भी विस्तार संभव है।

उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं जबकि वर्तमान में कुछ मंत्री पद रिक्त बताए जा रहे हैं।

अगले वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंत्रिपरिषद विस्तार को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह विस्तार रविवार को हो सकता है हालांकि अभी तक सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

इस बीच बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार के लिए पूछे जाने पर, एक वरिष्ठ नेता ने रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार होने की पुष्टि की।

नेता ने विस्तृत जानकारी दिए बिना कहा, “यह कल (रविवार को) होने की संभावना है।”

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए आदित्यनाथ सरकार के विस्तार को लेकर चल रही चर्चाओं पर टिप्पणी करते हुए एक वरिष्ठ मंत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “मुझे लगता है कि इसकी पहले से ही बहुत उम्मीद की जा रही है।”

यह प्रक्रिया पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में मार्च में हुए इसी तरह के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद हो रही है, जहां उत्तर प्रदेश की तरह ही 2027 में चुनाव होने हैं।

पांच मंत्रियों की नियुक्ति के साथ, उत्तराखंड सरकार ने अब अपने 12 मंत्रियों का पूरा कोटा प्राप्त कर लिया है और उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह का कदम अपेक्षित है, जहां छह अन्य मंत्रियों को शामिल कर मंत्रिमंडल की संख्या 60 तक पहुंचाई जा सकती है।

सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल विस्तार में जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखा जाएगा।

इस बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘एक्स ’ पर एक पोस्ट में सवाल उठाया, “दिल्ली से पर्ची आ गयी क्या?”

उन्होंने कहा, “सुना है उप्र में कैबिनेट का विस्तार हो रहा है या यूं कहें कि मुख्यमंत्री जी की शक्ति का ‘कटाव छटाव’ हो रहा है।”

सपा प्रमुख ने कहा कि “जिनका मंत्रिमंडल है उनसे भी तो कोई पूछ ले। हमारी मांग है कि उप्र के मंत्रिमंडल विस्तार में महिलाओं को आरक्षण दिया जाए।”

यादव ने दोनों उपमुख्यमंत्रियों पर बिना नाम लिए संकेतों में निशाना साधते हुए कहा “वैसे ये सवाल भी कुलबुला रहा है : ‘अगल-बगल’ की जोड़ी का कुछ हला-भला होगा या फिर वो ‘अगले-बगले’ ही झांकते रह जाएंगे या सिर्फ रील बनाते…।”

भाषा आनन्द मनीष जितेंद्र

जितेंद्र