मथुरा (उप्र), 25 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में बरसाना की विश्वप्रसिद्ध लठामार होली का आयोजन बुधवार की शाम को होगा। इसके लिए तकरीबन 500 पुलिस अधिकारियों एवं साढ़े तीन हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है।
जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि पूरी दुनिया में मशहूर बरसाना की लठामार होली आज शाम खेली जाएगी और इसके लिए सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं।
सिंह ने बताया कि पूरे होली मेला क्षेत्र को आठ जोन व 14 सेक्टरों में बांटकर यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं संरक्षा के लिए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों से संबद्ध कुल चार हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि हर जोन की सुरक्षा की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक व जोनल मजिस्ट्रेट तथा हर सेक्टर का भार उपाधीक्षक व सेक्टर मजिस्ट्रेट पर रहेगा।
उन्होंने बताया कि 150 से अधिक महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और भीड़—भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
कुमार ने बताया कि मेला क्षेत्र में चप्पे— चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। असामाजिक तत्वों पर लगाम के लिए विशेष तौर पर गठित ‘गुण्डा दमन दल’ कमान संभालेंगे।
उन्होंने बताया कि सभी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को ताकीद की गई है कि वे श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार करें और मुस्तैदी के साथ डयूटी करें। उन्होंने कहा कि होली के दौरान किसी भी श्रद्धालु के साथ बदतमीजी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था में अपर पुलिस अधीक्षक, उपाधीक्षक, निरीक्षक एवं उप निरीक्षक स्तर के 500 अधिकारी तथा पुरुष व महिला मुख्य आरक्षी, आरक्षी, यातायात पुलिस के जवान, होमगार्ड्स, नए रंगरूट, प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी), गुण्डा दमन दल, बम डिटेक्ट एण्ड डिस्पोजल यूनिट, अग्निशमन दल, घुड़सवार दल आदि के 3500 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
कुमार ने बताया कि इस बीच स्थानीय अभिसूचना इकाई और सामाजिक संगठनों के स्वयंसेवकों की टीम भी सादे कपड़ों में तैनात की गई हैं। उन्होंने बताया कि बरसाना आने वाले सभी बाहरी वाहनों को मेले से दूर बैरीकेडिंग कर तैयार की गई पार्किंग में ठहराया जा रहा है।
भाषा सं सलीम मनीषा
मनीषा