उप्र : गोरखपुर में बिजली ठेकेदार की धारदार हथियार से हत्या

उप्र : गोरखपुर में बिजली ठेकेदार की धारदार हथियार से हत्या

उप्र : गोरखपुर में बिजली ठेकेदार की धारदार हथियार से हत्या
Modified Date: August 9, 2026 / 06:29 pm IST
Published Date: August 9, 2026 6:29 pm IST

गोरखपुर, नौ अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में बिजली विभाग के एक ठेकेदार की शनिवार शाम कथित तौर पर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शिवकुमार त्रिपाठी (52) के रूप में हुई है। वह गांव में आयोजित ब्रह्म भोज में शामिल होने आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसी दौरान गांव के ही राहुल चौधरी ने पीछे से उन पर कथित रूप से बांका से हमला कर दिया।

ग्रामीणों और ब्रह्म भोज आयोजित करने वाले परिवार के लोगों ने घायल त्रिपाठी को ऑटोरिक्शा से अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। आरोप है कि रास्ते में राहुल चौधरी ने अपने भाई रोहित के साथ वाहन को रोक लिया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बावजूद दोनों कथित रूप से त्रिपाठी को खींचकर करीब 200 मीटर दूर ले गए और तलवार से उन पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब एक साल पहले हुई एक हत्या का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है।

शिवकुमार त्रिपाठी बिजली विभाग में ठेकेदारी का काम करते थे। उनके बेटे आदित्य त्रिपाठी गोरखपुर की अदालत में वकालत करते हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, राहुल चौधरी के चचेरे भाई आदेश चौधरी की वर्ष 2024 में हत्या कर दी गई थी और इस मामले में त्रिपाठी के परिवार के कुछ लोगों को आरोपी बनाया गया था।

पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि इस मामले में शनिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीन नामजद आरोपियों समेत सात अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस हत्या के पीछे वास्तविक कारणों का पता लगा रही है और हमले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा

सं, राजेंद्र रवि कांत


लेखक के बारे में