मुरादाबाद, 10 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक महिला और उसके 10 वर्षीय बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति और देवर समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (नगर) रणविजय सिंह ने बताया कि घटना पाकबड़ा थाना क्षेत्र की है और जांचकर्ताओं को आशंका है कि यह वारदात कथित अवैध संबंधों से जुड़ी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए लोगों में महिला का पति, देवर, चाचा ससुर और कथित प्रेमी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, महिला पिछले करीब दो वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को मोदहा तैय्या गांव के पास जंगल से महिला का शव बरामद हुआ था और इसके अगले दिन बृहस्पतिवार को उसके 10 वर्षीय बेटे का शव करीब 50 मीटर दूर गन्ने के खेत से बरामग किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, बच्चे की हत्या गला घोंटकर की गई जबकि महिला का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था।
पुलिस ने बताया कि दोनों की पहचान छिपाने के उद्देश्य से चेहरों को जला दिया गया था हालांकि, बच्चे का चेहरा पूरी तरह से नहीं जला था, जिसके आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान मोदहा तैय्या गांव निवासी जसराम के बेटे अंकुश के रूप में की और बाद में महिला की पहचान जसराम की पत्नी सीमा के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, जसराम ट्रक चालक है लेकिन बीमारी के कारण वह काम करने में असमर्थ है और गांव में रह रहा था।
पुलिस ने बताया कि वहीं, सीमा करीब दो साल पहले वैवाहिक विवाद के बाद अपने बेटे के साथ अलग रहने लगी थी।
पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि सीमा कुछ समय से फलैदा गांव के एक व्यक्ति के कथित तौर पर संपर्क में थी।
सिंह ने बताया, “मामले को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। केवल घटनाक्रम और बाकी कड़ियों को जोड़ना बाकी है।”
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र