उप्र : खुद को आईएएस अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

उप्र : खुद को आईएएस अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 04:55 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 04:55 PM IST

मेरठ (उप्र), 12 मार्च (भाषा) मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र में पुलिस ने खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) का अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से झूठी पहचान के जरिए आसपास के लोगों को गुमराह कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि फूलबाग कॉलोनी में बुधवार देर रात एक युवक द्वारा हंगामा किए जाने की सूचना मिलने पर नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम राहुल कौशिक बताया और खुद को 2008 बैच का आईएएस अधिकारी होने का दावा किया, लेकिन जांच में उसका यह दावा गलत पाया गया।

पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम ने बताया कि पुलिस को पहले भी शिकायत मिली थी कि राहुल कौशिक (42) नाम का व्यक्ति खुद को आईएएस अधिकारी बताकर पुलिस अधिकारियों और अन्य सरकारी कर्मचारियों को फोन कर दबाव बनाने की कोशिश करता है।

उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी (सिविल लाइन) अभिषेक तिवारी को सौंपी गई थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने मकान के बाहर ‘आईएएस’, ‘डिप्टी सेक्रेटरी’ और ‘जॉइंट सेक्रेटरी’ जैसे पद लिखकर एक बोर्ड लगा रखा था, जिससे लोग उसे असली अधिकारी समझें।

पुलिस ने वह बोर्ड भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्ष 2013 में नाबालिग से दुष्कर्म के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।

भाषा सं जफर शफीक

शफीक