अमरोहा, 16 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में गजरौला थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाद के दौरान कथित तौर पर मारपीट किए जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना में दो अलग-अलग समुदायों के लोगों के शामिल होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान संजय के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि 15 अगस्त की दोपहर गांव के कुछ युवकों के साथ विवाद के बाद कथित मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
मृतक के परिजनों ने बताया कि मारपीट में संजय गंभीर रूप से घायल हुआ था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के लिए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत